टांडा (रामपुर)। मंसब अली स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को आयोजित परिषदीय विद्यालयों की ब्लॉक स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता के जूनियर बालक वर्ग में रामनगर के मोनिस 100, 200 और 400 मीटर दौड़ में पहला स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में निस्बा 200 और 400 मीटर की दौड़ में अव्वल रही। साथ ही कबड्डी समेत विभिन्न स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह चौहान और ब्लॉक अध्यक्ष इन्द्रेश सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। प्राथमिक बालक वर्ग की 50 मीटर दौड़ में दढ़ियाल के अल्फेज प्रथम और धनपुरा के कार्तिक द्वितीय रहे। 100 मीटर में चंदूपुरा के केशव ने पहला और जैद ने दूसरा स्थान हासिल किया। 200 मीटर में अल्फेज विजेता और धनपुरा के शहरान उपविजेता रहे। 400 मीटर में धनपुरा के सचिन ने बाजी मारी, जबकि चंदूपुरा के जैद दूसरे स्थान पर रहे।
बालिका वर्ग की 50 मीटर दौड़ में धनुपुरा की शेरबानो प्रथम और सेमरा की अलशिफा द्वितीय रहीं। 100 मीटर में भोट की निधि ने पहला और बादली की एनम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर में धनपुरा की दीपिका विजेता और भोट की निधि उपविजेता रहीं। 400 मीटर में निधि ने पहला और पुशवाड़ा की अधीक्षा ने दूसरा स्थान हासिल किया। कबड्डी के बालक वर्ग में दढ़ियाल और बालिका वर्ग में धनपुरा की टीम विजेता बनी।
जूनियर बालक वर्ग की 100, 200 और 400 मीटर दौड़ में रामनगर के मोनिस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। तीनों स्पर्धाओं में दढ़ियाल के शाहजेब दूसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में जालपुर की इरम विजेता और शहपुरा की आफिया नूर उपविजेता रहीं। 200 और 400 मीटर में जहांगीरपुर की निस्बा ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि सईदनगर की सोफिया दूसरे स्थान पर रहीं।
समापन पर प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह चौहान और जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. राजवीर सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। खंड शिक्षा अधिकारी ने खेलों को बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
इस दौरान ब्लॉक व्यायाम शिक्षक सुखलाल सिंह, आनंद सिंह भंडारी, मोहम्मद तनवीर, जयप्रकाश सिंह, गुरप्रीत सिंह, सईद जफर रहमानी, मंगतराम, अतीक अहमद और सुनील कुमार मौजूद रहे।