प्रशासन की मध्यस्थता के बाद आखिरकार किसानों का धरना अब समाप्त हो गया है। फैक्ट्री प्रबंधतंत्र ने किसानों को आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है, जिसके बाद किसानों ने धरना समाप्त करने की घोषणा की है, जिसके बाद फिलहाल फैक्ट्री प्रबंधन ने राहत की सांस ली है।
बताते चलें कि शहजादनगर थाना क्षेत्र के दुर्गनगला गांव के लोगों ने शुक्रवार को मोदी फैक्ट्री पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया था। उन्होंने फैक्ट्री में रोजगार दिलाने की मांग को लेकर धरना देना शुरू कर दिया था।
गुस्साए लोगों ने फैक्ट्री गार्ड की पिटाई कर दी थी। साथ ही गमले भी फेंक दिए थे। ग्रामीण शनिवार को भी धरने पर बैठे रहे। रविवार को फैक्ट्री गेट पर बैठे किसानों का शिष्टमंडल सिटी मजिस्ट्रेट मदन गर्बियाल के पास पहुंचा,जहां किसानों ने अपनी समस्याएं रखीं।
इस बीच फैक्ट्री के डायरेक्टर एस रहमान को भी बुलवा लिया गया। दोनों पक्षों के बीच प्रशासन ने वार्ता कराई। इस दौरान किसानों ने अपनी मांगो को एक बार फिर दोहराया,जिस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने भी दोनों पक्षों से आपसी सुलह समझौता कर समस्या का हल निकालने को कहा।
डायरेक्टर ने किसानों की मांगों को फैक्ट्री के प्रबंधतंत्र के सामने रखने का भरोसा दिया है। इस भरोसे के बाद फिलहाल धरना स्थगित कर दिया गया है। फैक्ट्री के डायरेक्टर एस रहमान का कहना है कि आश्वासन के बाद गेट पर से किसानों का धरना समाप्त करा दिया गया है।