नैनीताल हाईवे पर रविवार की अपराह्न करीब 2.50 बजे तेज रफ्तार बाइक सवार दो युवक अचानक बिलासपुर विधायक संजय कपूर की स्कार्पियो के सामने आ गए। बाइक सवारों को बचाने के लिए चालक ने हाईवे किनारे खाई में स्कार्पियो को उतार दिया। जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। विधायक समेत पांच लोग बाल-बाल बच गए। जानकारी मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई और मामले की इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज की है।
बिलासपुर विधायक संजय कपूर रविवार को नगर व क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद अपराह्न करीब 2.50 बजे गुजरैला जा रहे थे। स्कार्पियो कफील अहमद निवासी केमरी चला रहा था और वह चालक के बराबर वाली सीट पर बैठे थे। पिछली सीट पर पीआरओ उमेश सुआल, दो गनर बदन सिंह और युवराज बैठे थे। नैनीताल हाईवे पर रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने तेज गति में बाइक सवार दो युवक आ गए। उनको बचाने के चक्कर में चालक ने गाड़ी को बायीं ओर झाड़ियों के बीच खाई में उतार दी। इधर, घबराए बाइक सवार भी गिर गए। जिन्हें लोगों ने मौके से भगा दिया।
हादसा होता देख तमाम लोग दौड़कर मौके पर पहुंच गए और विधायक समेत पांचों को गाड़ी से बाहर निकाला। हालांकि, विधायक ने किसी के भी कोई चोट न लगने की बात कही है। पीए की सूचना पर डायल 100 और कोतवाली पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त गाड़ी को खाई से बाहर निकलवाया।
वहीं सूचना पाकर उत्तराखंड वक्फ विकास वित्त निगम के कार्यकारी अध्यक्ष जाहिद रजा रिजबी, राईस मिलर्स एसोसिएशन के रीजनल चेयरमैन विपिन कुमार पप्पी, अमान उल्ला खां, कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलजीत सिंह बिट्टू, जोगिंद्र बाबा, बीडीसी इरफान हसन, शाकिर अली खां सज्जू, जितेंद्र मिश्रा, सचिन टंडन सोनू आदि लोग भी पहुंच गए। पुलिस ने चालक की तरफ से इत्तफाकिया दर्ज की है।