केमरी (रामपुर)। गांव धावनी हसनपुर में बुधवार को घर के बाहर खेल रही दो साल की बच्ची लापता हो गई। परिजनों ने उसकी तलाश की तो करीब दो किमी दूर सैंजनी नदी में बच्ची का शव उतराता मिला। पुलिस ने बच्ची का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी नाजिम अली की दो साल की बेटी अलीका बुधवार की सुबह करीब 10 बजे घर के बाहर खेलते समय अचानक गायब हो गई। परिजनों ने काफी देर तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। जिसके बाद परिजनों ने बिलासपुर काम पर गए नाजिम को फोन कर बच्ची के गायब होने की सूचना दी। नाजिम घर पहुंचा और परिजनों के साथ बच्ची की तलाश शुरू की, लेकिन बच्ची का सुराग नहीं लगा। दोपहर 12 बजे ग्रामीणों को दो किमी दूर सैंजनी नदी में बच्ची का शव उतराता मिला। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से बच्ची के शव को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची की मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। पिता की तहरीर पर जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान ने बताया कि शव पर चोट के निशान नहीं हैं। मामले की गहनता से जांच के लिए अलग से टीम का गठन कर दिया गया है।