रामपुर। डीएम जोगिंदर सिंह ने जिला खनिज फाउंडेशन प्रबंध समिति की बैठक की। बैठक में अवैध खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए परिवहन संग्रह केंद्र बनाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही खनिज फाउंडेशन न्यास से बमनपुरी स्टेडियम में बास्केटबॉल और टेनिस कोर्ट बनाने का निर्णय लिया गया।
डीएम जोगिंदर सिंह ने बताया कि अवैध खनन को रोकने के लिए तहसील स्वार, टांडा में परिवहन प्रपत्र संग्रह केंद्र का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा जिले में चेक पोस्टों के प्रभावी पर्यवेक्षण के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में स्थायी मिनी सेंटर की स्थापना होगी। चेक पोस्टों के कैमरों को ऑनलाइन किया जाएगा। बमनपुरी स्टेडियम रामपुर में बास्केटबॉल एवं टेनिस कोर्ट का निर्माण किया जाएगा। तहसील शाहबाद में खनन संग्रह चौकी की बाउंड्री वॉल का निर्माण भी किया जाएगा। बैठक के दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करवाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। बैठक में एसपी विद्यासागर मिश्र सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।