पटवाई। खनन माफिया ने चेकिंग के दौरान बुधवार सुबह यात्रीकर अधिकारी (पीटीओ) को कुचलने का प्रयास किया। इस दौरान पीटीओ सहित दो कर्मचारी घायल हो गए। पुलिस ने कार समेत दो लोगों को पकड़ लिया। पीटीओ की तहरीर पर पुलिस ने दो के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
यात्रीकर अधिकारी होरीलाल वर्मा ने पटवाई थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि कई दिन से उनके घर के आसपास कुछ लोग रेकी कर रहे थे। बुधवार सुबह पांच बजे टीम के साथ चेकिंग के लिए घर से निकले तो अजीतपुर पुल के पास कुछ बिना नंबर की गाड़ियां उनकी गाड़ी के आगे पीछे चलने लगीं।
पटवाई चौराहे पर उन्होंने रुकने का इशारा किया तो कार चालक ने उन्हें और टीम में शामिल प्रवर्तन कर्मी फखरुद्दीन अली व राजेश सिंह पर जान से मारने की नीयत से गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। उन्होंने तत्काल पीछे हटकर जान बचाई। इस दौरान वे गिर गए। इससे उन्हें चोट भी आई।
इस बीच कार रोड किनारे गड्ढे में जाकर गिर गई। गाड़ी में सवार लोगों ने भागने का प्रयास किया, जिन्हें चौराहे पर तैनात पुलिस कर्मियों ने पकड़ लिया। पकड़े गए लोगों में थाना गंज क्षेत्र के मौलवी साहब की मजार के निकट बरेली गेट निवासी फरद्दीन व गुफरान शामिल हैं। पुलिस ने पीटीओ की तहरीर पर जान से मारने की नीयत से वाहन चढ़ाने व सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।
बिना नंबर की कार में भी थे माफिया
माफिया पीटीओ का दो कार से पीछा कर रहे थे, इसमें एक बिना नंबर की कार भी थी। पीटीओ की शिकायत पर पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी पुष्कर सिंह ने बताया कि पीटीओ की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है। दो आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को जेल भेज दिया है। बिना नंबर की कार का सीसीटीवी फुटेज से पता लगाया जा रहा है।