शाहबाद। प्लाईवुड का सामान लेकर जा रहे करीब 50 वर्षीय अधेड़ की ई-रिक्शा के नीचे दबकर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संभल के थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के छावड़ा गांव निवासी ई-रिक्शा चालक शाहबाद से प्लाईवुड का सामान लेकर छावड़ा की ओर जा रहा था। गांव के पास ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें बैठा एक यात्री नीचे दब गया।
हादसे में सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को सीएचसी पहुंचाया। घटना के करीब ढाई घंटे बाद तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।