मोहल्ला चाउपुरा में निर्माणाधीन धर्मशाला के रास्ते को लेकर उठे विवाद के बाद चिह्नित अतिक्रमण को तहसील प्रशासन ने गिरा दिया। अतिक्रमण की जद में आए सभी मकानों को जेसीबी से तोड़ दिया गया। इस दौरान कु लोगों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन प्रशासन ने उनकी एक नहीं सुनी।
मोहल्ला चाउपुरा में निर्माणाधीन धर्मशाला का रास्ता बदलने को लेकर दो समुदायों के बीच संघर्ष हो गया था। इसमें महिलाओं समेत छह लोग घायल हुए थे। तहसील प्रशासन ने निर्माणाधीन धर्मशाला के आसपास की भूमि की पैमाइश की थी। पैमाइश के दौरान अब्दुल रब, मुस्लिम पुत्र अब्दुल रहीम के मकान के कुछ हिस्से को अतिक्रमण की जद में चिह्नित किया गया था।
दूसरे समुदाय के राजेंद्र पुत्र धर्म सिंह, राजेंद्र पुत्र भगीरथ, राजपाल पुत्र रामस्वरूप के मकानों और दुकानों को चिह्नित किया गया था। प्रशासन का कहना था कि ये ग्राम समाज की जमीन है। शनिवार को स्वार एसडीएम अभय गुप्ता नगर पंचायत के ईओ अमित कुमार भारी सुरक्षा बल के साथ मौके पर पहुंचे।
अतिक्रमण के दायरे के आसपास नाकेबंदी कर निर्माणाधीन धर्मशाला के एक हिस्से को जेसीबी से धराशायी कर दिया। इसके बाद अतिक्रमण की जद में आए मकानों को गिरा दिया गया। अब्दुरब के चिह्नित अतिक्रमण को हटाने के लिए एसडीएम ने लिंटर को काटने के निर्देश दिए।
आनन फानन में नगर पंचायत कर्मियों ने लिंटर पर हथौड़ा और कटर चलाकर अतिक्रमण के दायरे को अलग कर दिया। पुलिसकर्मियों को अतिक्रमण क्षेत्र के आसपास तैनात किया गया था। मुस्लिम का मकान तोड़े जाने का महिलाओं ने विरोध भी किया, लेकिन प्रशासन ने उनकी एक न सुनी।