बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र में ग्राम प्रधान के घर मजदूरी के रुपये लेने जा रहे एक राजमिस्त्री को तीन लोगों ने रंजिशन मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने घायल को अस्पताल भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्राम मुंडिया खुर्द निवासी रंजीत कश्यप राजमिस्त्री का काम करते हैं। रंजीत के अनुसार उन्होंने ग्राम मुंडिया खुर्द स्थित विद्यालय में काम किया था। ग्राम प्रधान पर उनकी मजदूरी के रुपये हैं। वह शनिवार की रात करीब नौ बजे वह ग्राम प्रधान अमरवती के पति रामवीर के पास मजदूरी के रुपए लेने जा रहे थे। रास्ते में गांव निवासी एक व्यक्ति मिल गया और किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। आरोप है कि इस दौरान व्यक्ति के दो पुत्र भी मौके पर पहुंच गए।
तीनों पिता पुत्र ने उन्हें रंजिशन उसे मारपीट कर घायल कर दिया। उसकी चीज पुकार सुनकर गांव के लोग जब तक दौड़कर मौके पर पहुंचे तब तक तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। इसके बाद राजमिस्त्री के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और घायल को कोतवाली लेकर पहुंचे। पुलिस ने घायल को अस्पताल भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।