नैनीताल हाईवे पर हादसा, पुलिस ने कब्जे में ली बाइक
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर (रामपुर)। नैनीताल हाईवे क्रॉस कर रहे राजमिस्त्री तिरमल (36) निवासी ग्राम नवेची थाना बंडा जिला शाहजहांपुर को एक अज्ञात बाइक सवार ने टक्कर मार दी, हादसे में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक बाइक मौके पर ही छोड़कर भाग गया। घटना हाईवे किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने बाइक कब्जे में लेते हुए शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
शाहजहांपुर जिले के थाना बंडा के ग्राम नवेची निवासी तिरमल कोतवाली क्षेत्र के ईसानगर गांव में परिवार समेत रहकर राजमिस्त्री का काम करते थे। परिजनों के अनुसार वह शनिवार की शाम चड्ढा पेपर मिल के समीप हाईवे क्रॉस कर रहे थे। इस दौरान एक अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।
घटना के बाद बाइक सवार बाइक मौके पर ही छोड़कर भाग गया, जिसे पुलिस ने कब्जे में कर लिया। घायल को नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रविवार की सुबह जिला अस्पताल में तिरमल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
स्वास्थ्य विभाग ने मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को दे दिया। सीओ हर्षिता सिंह ने बताया कि पीएम के बाद शव परिजनों को दे दिया गया है। फिलहाल घटना की तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।