बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र में उत्तराखंड सीमा से सटे डिबडिबा गांव में बुधवार रात छह नकाबपोश बदमाशों ने एक चौकीदार के घर में घुसकर लूटपाट की। बदमाश करीब 40 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और बाइक की चाबी लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे की है। चौकीदार कमल सैनी अपने परिवार के साथ किसान दलजीत सिंह के खेत की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार छह बदमाश उनके घर में घुस आए। तीन बदमाशों ने कमल सैनी, उनके पिता राधेश्याम, मां और भाभी को तमंचों के बल पर कब्जे में ले लिया।
बदमाशों ने शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने संदूक और बैग में रखे 40 हजार रुपये, दो मोबाइल फोन और बाइक की चाबी लूट ली। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश उत्तराखंड सीमा स्थित ग्रीन पार्क कॉलोनी की ओर तमंचे लहराते हुए फरार हो गए।
बदमाशों के जाने के काफी देर बाद चौकीदार ने दलजीत सिंह को घटना की जानकारी दी। इसके बाद रात में ही रुद्र विलास चौकी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
0000
चार साल से खेत पर रह रहा है परिवार
कमल सैनी पिछले करीब चार वर्षों से दलजीत सिंह के खेत पर बटाईदार और चौकीदार के रूप में काम कर रहे हैं। वह अपने परिवार के साथ खेत पर बने कमरे में रहते हैं। बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर लूटपाट की और जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।