रामपुर। लॉकडाउन के दूसरे दिन भी शहर के सभी बाजार बंद रहे। हालांकि, दूध और दवाओं आदि वस्तुओं की सिर्फ होम डिलीवरी की गई। वहीं, लॉकडाउन की वजह से शहर की सड़कों पर भी सन्नाटा पसरा रहा।
कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए प्रदेश सरकार की ओर से शनिवार और रविवार को प्रदेशभर में लॉकडाउन का एलान किया गया था। रामपुर में भी कोरोना का ग्राफ तेजी से बढ़ता जा रहा है। लिहाजा, रविवार को रामपुर पूरी तरह से बंद रहा। ज्वालानगर, आगापुर रोड, सिविल लाइंस, मिस्टन गंज, पुराना गंज, बाजार नसरूल्ला खां, बर्तन बाजार, सब्जी एवं फल मंडी आदि बाजार बंद रहे। हालांकि, जरूरी सामान की बिक्री के लिए दुकानों को खोला गया। लेकिन, वहां से सिर्फ होम डिलीवरी की ही अनुमति थी। मेडिकल स्टोरों से होम डिलीवरी के जरिए ही दवाओं की आपूर्ति कराई गई। इस बीच अफसरों ने पूरे शहर का जायजा लिया। उन्हें कई जगह लोग घूमते नजर आए। जिस पर लोगों की जमकर क्लास लगाई। इसके साथ ही जगह-जगह चौराहों पर पुलिस बल और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहे। जो बेवजह घूमने के लिए निकलने वालों पर शिकंजा कसते नजर आए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसी तरह की सख्ती देखने को मिली।