व्यापारियों ने बाजार बंद किया
- फोटो : अमर उजाला
रुपये लेने बैंक पहुंचे एक कपड़ा व्यापारी को पुलिस ने धकिया दिया साथ ही उसके साथ अभद्र व्यवहार किया,
जिसके बाद व्यापारियों का पारा चढ़ गया। गुस्साए व्यापारियों ने जमकर हंगामा किया। व्यापारियों ने आनन-फानन में
बाजार को बंद करा दिया और फिर पुलिस के खिलाफ धरना शुरू कर दिया। मामले की सूचना मिलने के बाद मौके पर
पहुंची पुलिस ने किसी तरह व्यापारियों के गुस्से को शांत कराया। व्यापारी आरोपी सिपाहियों पर कार्रवाई की मांग कर
रहे थे। अफसरों ने इस मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया है। इस आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ है।
नोट बंदी से एक ओर जहां आम आदमी परेशान है, वहीं दूसरी ओर व्यापारी भी परेशान है। शहर के कपड़ा व्यापारी
शाहिद शमसी रविवार को अपनी पत्नी के संग बर्तन बाजार स्थित यूनियन बैंक की शाखा में रुपये लेने के लिए खड़े
थे। आरोप है कि इस बीच यहां तैनात पुलिस कर्मियों ने व्यापारी को धक्का दे दिया,जिसको लेकर व्यापारी की
सिपाहियों से नोकझोंक भी हुई। आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने व्यापारी के साथ जमकर अभद्र व्यवहार किया। मामले
की सूचना मिलते ही व्यापार मंडल से जुड़े पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए,जहां उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।
आनन-फानन में बाजार को बंद करा दिया गया। कुछ ही देर में शहर के मिस्टन गंज, बर्तन बाजार, बाजार
नसरुल्ला खां का मार्केट बंद हो गया। गुस्साए व्यापारी बर्तन बाजार में ही सड़क पर बैठ गए और पुलिस के खिलाफ
जमकर नारेबाजी करने लगे। व्यापारी आरोपी सिपाहियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे। इस बीच मामले की
सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सीओ सिटी डीसी शुक्ला ने व्यापारियों को समझाने का प्रयास
किया।
उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष संदीप सोनी का कहना था कि पुलिस व्यापारियों का उत्पीड़न कर रही
है। व्यापारी के साथ सिपाहियों ने अभद्र व्यवहार किया है। आरोपी सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस दौरान
व्यापारियों ने वित्त मंत्री के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। सीओ सिटी ने इस मामले में आरोपी सिपाहियों के
खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया,जिसके बाद व्यापारी शांत हुए।
करीब दो घंटे तक बाजार में अफरातफरी का माहौल बना रहा। इस मौके पर नगराध्यक्ष शोएब शमसी, शाहिद शमसी, शाकेब अहमद, इमरान सलीम, बिलाल
शमस, मोहन अरोड़ा, नवाब अली खां, सतपाल टीटू, प्रवीन कुमार, आसिफ खां, हारिश शमसी, मंजीत
मित्तल, अरविंद गुप्ता,विजय अग्रवाल आदि मौजूद रहे।