टांडा (रामपुर)। नगर में शुक्रवार को पत्नी से विवाद के बाद एक व्यक्ति अपनी पांच वर्षीय बच्ची के साथ मोबाइल टावर पर चढ़ गया था। पुलिस ने इसके खिलाफ खुद आत्महत्या का प्रयास करने और बेटी को मोबाइल टावर से नीचे फेंकने की धमकी और हत्या का प्रयास करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर चालान कर जेल भेज दिया है।
शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे एक व्यक्ति अपनी पांच वर्षीय पुत्री के साथ नगर के मोहल्ला नवाबपुरा स्थित मक्का मस्जिद के पास मौजूद मोबाइल टावर पर चढ़ गया था। सूचना पर पहुंची ने मामले की गंभीरता की समझते हुए युवक से कॉल पर बात कर उसकी मांग पूछी तो उसने बताया कि उसकी पत्नी अपने प्रेमी की वजह से उससे तलाक़ लेने की जिद पर अड़ी है। वहीं उसका प्रेमी उसे तलाक़ न देने पर जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। अगर पुलिस उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज देती है तो वह नीचे उतर आएगा। इस पर आननफानन व्यक्ति की पत्नी को बुलाया गया और पुलिस ने महिला के कथित प्रेमी की तलाश भी शुरू कर दी। इस बीच जब पुलिस ने व्यक्ति को उतरवाने के लिए दो युवकों को मोबाइल कंपनी टावर पर चढ़ाने का प्रयास किया तो टावर पर चढ़े व्यक्ति ने कॉल कर बच्ची को नीचे फेंकने की धमकी दे दी। इसके बाद किसी तरह पुलिस ने कथित प्रेमी को पकड़ लिया और घटनास्थल पर ले आई। जिसके बाद कोतवाल के समझाने पर व्यक्ति किसी तरह नीचे उतर कर आया। नीचे उतरते हुए पुलिस ने व्यक्ति को अपने कब्जे में ले लिया और कोतवाली ले गई जहां पर उच्च अधिकारियों से वार्ता कर पकड़े गए व्यक्ति के विरुद्ध आत्महत्या करने और बेटी को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। वहीं उक्त व्यक्ति की पत्नी और कथित प्रेमी को घर वापस भेज दिया गया। कोतवाल माधो सिंह बिष्ट ने बताया कि उच्च अधिकारियों से वार्ता कर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उक्त व्यक्ति द्वारा अपने साथ ही अपनी बच्ची की जान भी खतरे में डाली गई थी।