अरबी-फारसी विश्वविद्यालय तो नहीं, लेकिन ऐतिहासिक ओरियंटल कालेज (मदरसा आलिया) भाजपा की सरकार में पूर्व मंत्री आजम खां के रामपुर पब्लिक स्कूल की किड्स जोन शाखा में तब्दील हो गया। रविवार को इसका विधिवत उद्घाटन भी कर दिया गया, जिसके बाद सियासी भूचाल भी आ गया है। विरोधियों ने पूर्व मंत्री के इस स्कूल को पूरी तरह अवैध करार दिया है और इस पर कार्रवाई की मांग शुरू कर दी है।
पान दरीबा स्थित ओरियंटल कालेज मदरसा आलिया की स्थापना यूं तो 1744 में नवाबी शासन काल में की गई थी। मौजूदा दौर में ओरियंटल कालेज मदरसा आलिया का संचालन यूपी सरकार की ओर से किया जाता है। यहां पर अरबी फारसी विषय की पढ़ाई हुआ करती थी। सपा शासन में इस कालेज को शिक्षा विभाग ने जौहर ट्रस्ट को आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू की थी। दावा किया था कि इसका प्रस्ताव भी कैबिनेट की बैठक में पारित कर दिया गया था।
सपा सरकार में तत्कालीन जिला विद्यालय निरीक्षक माया देवी के माध्यम से इस भवन को ट्रस्ट को देने की बात कही गई थी। यहां यह भी बताते चलें कि केंद्र सरकार और 2001 में राजनाथ सरकार ने अरबी फारसी विश्विविद्यालय खोलने की कवायद की थी, जिसके लिए केंद्र सरकार की ओर से एक करोड़ रुपये भी आवंटित किया जा चुका है। मगर, रविवार को अचानक जौहर ट्रस्ट की ओर से संचालित रामपुर पब्लिक स्कूल की किड्स जोन शाखा का ऐतिहासिक परिसर में औपचारिक उद्घाटन कर दिया गया।