रामपुर। अधिकारियों ने नॉक द डोर अभियान चलाकर मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ और मुख्य विकास अधिकारी व प्रभारी अधिकारी स्वीप गजल भारद्वाज के नेतृत्व में जिले में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन के अंतर्गत 14 फरवरी को आयोजित होने वाले मतदान कार्यक्रम में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित कराने के लिए व्यापक स्तर पर जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। नॉक द डोर कार्यक्रम जिला प्रशासन की बेहद प्रभावी और महत्वपूर्ण पहल है, इसके अंतर्गत प्रत्येक मतदाता के घर पहुंच कर उनके दरवाजे पर स्टीकर चस्पा करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी का अपील पत्र परिजनों को सौंपे जा रहे हैं।
शुक्रवार को जिला विद्यालय निरीक्षक मुनेश कुमार ने रामपुर शहर के सिविल लाइन क्षेत्र में कम मतदान प्रतिशत वाले बूथ क्षेत्रों का भ्रमण करके स्थानीय लोगों के दरवाजे पर स्टीकर चस्पा किए। मतदाताओं को जिला निर्वाचन अधिकारी का अपील पत्र सौंपते हुए 14 फरवरी को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए जागरूक किया। इस दौरान महिला चुनाव ऑइकान तृप्ति माहौर समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।