आनी(कुल्लू)। आनी-लूहरी नेशनल हाईवे-305 पर बुधवार को भारी बारिश के कारण बाधित हो गया है। कोटनाला के पास मलबा गिरने से यह समस्या आई है। प्राधिकरण ने सूचना मिलते ही हाईवे को बहाल करने का काम शुरू किया। देर शाम तक हाईवे पर वन-वे आवाजाही बहाल कर दी गई है। भारी मात्रा में मलबा गिरने से हाईवे पर वाहनों की आवाजाही वीरवार को ही बहाल हो पाएगी।
जानकारी के अनुसार भारी बारिश होने से सड़क पर मिट्टी और पत्थर आ गिरे। इससे हाईवे पर करीब एक घंटे तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से अवरुद्ध रही। सूचना मिलते ही एनएच प्राधिकरण की मशीनें और मजदूर मौके पर पहुंचे और युद्धस्तर पर कार्य करते हुए एनएच को वन-वे बहाल किया।
एनएच प्राधिकरण के एसडीओ आनी धन सिंह शर्मा ने बताया कि एनएच पर अधिक मात्रा में मलबा गिरने से हाईवे को पूरी तरह से बहाल करने में समय लगेगा। अभी लोगों की सुविधा के लिए वन-वे मार्ग को बहाल कर दिया गया है। वीरवार को मार्ग को पूरी तरह से बहाल कर दिया जाएगा।