शहर कोतवाली क्षेत्र में दिनदहाड़े चार बदमाशों ने एक मनी एक्सचेंजर से रुपयों से भरा बैग लूट लिया। बैग में ढाई लाख रुपये थे। मनी एक्सचेंजर के शोर शराबे के बाद लूट की घटना को अंजाम देकर भाग रहे दो बदमाशों को लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और फिर उनको मारपीट कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
लूट की इस वारदात के बाद पुलिस महकमे मे भी खलबली मच गई। आनन-फानन में पुलिस ने फरार हुए लुटेरों की तलाश शुरू कर दी,लेकिन फरार हुए दोनों बदमाशों से कोई भी बदमाश पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। पुलिस ने पकड़े गए दोनों बदमाशों से पूछताछ शुरू कर दी है। उनकी निशानदेही पर पुलिस संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। पुलिस को मामले की तहरीर दी गई है,जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लूट की यह वारदात ईदगाह गेट के पास की है। शहर के मुहल्ला हाथी खाना निवासी गगनदीप सिंह वेस्टर्न यूनियन से मनी ट्रांसफर का काम करता है। गगनदीप बृहस्पतिवार को दोपहर लगभग बारह बजे ढाई लाख रुपये लेकर पैदल ही अपने दफ्तर जा रहा था। ढाई लाख रुपये उसने बैग में रख रखे थे। वह जैसे ही ईदगाह गेट के पास आया तभी पीछे से आए दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उसे घेर लिया और उससे बैग छीनने लगे। उसने शोर मचाना शुरू किया इस पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े।
मौका पाकर दो बदमाश रुपयों से भरा बैग लेकर बाइक से फरार हो गए,लेकिन लोगों ने दो बदमाशों को मौके पर ही पकड़ लिया और फिर दोनों की पिटाई शुरू कर दी। इस बीच घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पकड़े गए दोनों बदमाशों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई।
मामले की जानकारी मिलते ही गगनदीप के परिजन और अन्य व्यापारी भी कोतवाली पहुंच गए। यहां पर मामले की जानकारी मिलने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह और सीओ सिटी ओपी आर्य भी पहुंच गए। उन्होंने गगनदीप से बातचीत की। आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी।
दिनभर पूूछताछ की गई,इसके बाद उनकी निशानदेही पर पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी,लेकिन बदमाश पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े। शहर कोतवाल सोमपाल वर्मा ने बताया कि इस मामले की तहरीर मिल गई है,जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।