सैदनगर(टांडा)। टांडा थाना क्षेत्र के अहमदाबाद गांव में नकाबपोश बदमाशों ने गृहस्वामी को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। चोरों ने एक ही रात में दो गांवों में घटना को अंजाम दिया है। वहीं, सूचना मिलते ही खुद पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंच गए, जहां उन्होंने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस ने लूट के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
क्षेत्र के अहमदाबाद गांव निवासी पप्पू पुत्र रामनारायण खेती एवं मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं। दो बेटे दिल्ली में रहकर सिलाई का काम करते हैं। गुरुवार रात दोनों पति पत्नी घर पर सो रहे थे। आरोप है कि बुधवार देर रात में करीब दो बजे 3-4 नकाबपोश बदमाश दीवार फांदकर उनके घर में घुस गए और इसके बाद दंपती की कनपटी पर तमंचा एवं चाकू रख दिया। बदमाश दोनों को घर का सामान निकालकर देने के लिए दबाव बनाकर जान से मारने की धमकी देने लगे। गृहस्वामी के अनुसार उनकी पत्नी ने डरकर अपनी दो तोले सोने की कंठी एवं नकदी निकालकर दे दी। दूसरे कमरे में बड़े व छोटे संदूक में रखे दस हजार रुपये लूट लिए। बदमाश दोनों को शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए उनको कमरे में बंद करके फरार हो गए। घर से जाने के बाद उन्होंने किसी तरह खिड़की के माध्यम से बाहर निकलर पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। वहीं, लूट की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटना स्थल का जायजा लिया। पुलिस ने इस मामले में पप्पू की तहरीर के आधार पर तीन, चार अज्ञात के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं, दूसरी ओर अहमदाबाद से सटे गांव अहमदनगर में नामे अली पुत्र अब्दुल लतीफ के घर को चोरों ने निशाना बना लिया। नामे अली के घर निर्माण का कार्य चल रहा था, उनका कहना है कि निर्माण कार्य के चलते उसके पास 65 हजार की नकदी रखी हुई थी। चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए घर मे रखी नगदी एवं चार तोले सोना लेकर फरार हो गए। सुबह तीन बजे जागने पर सड़क पर निकलने वाले राहगीरों ने उनकी संदूक खेत में पड़ी देखी, जिसमें उनकी बैंक किताब देखकर उनको सूचित किया। सूचना मिलने पर उठकर देखा, तो घर से सारा सामान गायब था।
-------------------------
-बयान-
-ग्राम अहमदाबाद में लूट की घटना सामने आई थी। सूचना मिलते ही हम खुद मौके पर पहुंच गए थे और घटना स्थल का जायजा लिया है। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
-अंकित मित्तल, पुलिस अधीक्षक, रामपुर।
-------------------------