केमरी थाना क्षेत्र में मिलक-बिलासपुर रोड पर सरेशाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने सर्राफ पिता-पुत्र से तमंचों की बल पर पांच हजार की नगदी समेत करीब 1.65 लाख रुपये का माल लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने हवाई फायर भी की। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
केमरी के मोहल्ला चमारान निवासी हरीश कुमार रस्तोगी की केमरी में सर्राफा की दुकान है। सोमवार को वह अपने पुत्र अभय रस्तोगी के साथ ग्राम रास डंडिया की बाजार में फड़ लगाकर दुकानदारी करने लगे। शाम करीब छह बजे वह बाइक से अपने घर वापस आ रहे थे। मिलक-बिलासपुर रोड पर ग्राम मेघानगला व खानपुर जदीद के बीच पीलाखार नदी के पास पीछे से आ रहे बाइक सवार नकाबपोश तीन बदमाशों ने ओवरटेक करके उन्हें रोकने का प्रयास किया।
इस पर हरीश ने बाइक की स्पीड बढ़ा दी तो बदमाशों ने तमंचों से हवाई फायर कर दिए। फायर की आवाज पर घबरा कर पिता पुत्र बाइक समेत गिर गए। इस पर बाद बदमाश उनका थैला लूट ले गए। थैले में पांच हजार रुपये, दस ग्राम सोने के आभूषण, तीन किलो चांदी समेत करीब 1.65 लाख रुपये का माल था। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घटना के बाद बेसुध पिता पुत्र को थाने लाई। पुलिस ने खबर लिखने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। थाना प्रभारी लक्ष्मीशंकर का कहना है कि शीघ्र ही बदमाशों को गिरफ्तार करके पर्दाफाश कर देंगे।