कोसी नदी में मूर्ति विसर्जन करने गया युवक डूब गया। चीख पुकार मचने पर आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उसको बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गंज थाना क्षेत्र में तीन दिन से गणेश चतुर्थी का कार्यक्रम चल रहा था। रविवार की शाम को पुरानागंज के लोग गणेश प्रतिमा की झांकी निकालकर हरिहर मंदिर से कोसी नदी लेकर गए थे कि मूर्ति विसर्जन के दौरान छिपयान का रहने वाला युवक विशाल नदी में नहाने चला गया था। नहाते समय विशाल गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। इस पर उसने चिल्लाना शुरू कर दिया। उसको डूबता हुआ देखकर आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
उसके बाद आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। किसी तरह से युवक को बाहर निकाला। उसको तुरंत गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान काफी समय तक वहां पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। युवक के बाहर आने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।