वसूली करके लौट रहे बैंक मैनेजर से बाइक सवार तीन बदमाशों ने दिनदहाड़े तमंचों के बल पर बैग लूट लिया। बैग में 75 हजार रुपये, लैपटाप और कुछ सामान था। फिलहाल पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
रुद्रपुर स्थित पीएफआईएल बैंक के मैनेजर शकील अहमद गुरुवार की पूर्वाह्न करीब 11 बजे बाइक द्वारा भोट थाना क्षेत्र के ग्राम महेशपुरा से वसूली करके लौट रहे थे। वह बाइक पर अकेले ही थे । आरोप है कि पीछे से आ रहे बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक करके उन्हें रोक लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते बदमाशों ने उसके ऊपर तमंचे तानते हुए नगदी और सामान हवाले करने को कहा।
विरोध करने पर मारापीटा और बाइक समेत गिरा दिया। इसके बाद बदमाश उनका बैग लूटकर भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद मैनेजर ने रास्ते से गुजरने वाले लोगों को घटना की जानकारी दी। लोगों ने भोट पुलिस को सूचना देने को कहा। उन्होंने फोन द्वारा तत्काल घटना की सूचना जिला मुख्यालय कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद भोट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को पीड़ित ने बताया कि बैग में वसूल किए गए 75 हजार रुपये, एक लैपटाप और दूसरे सामान भी थे।