स्वार। नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में गैस संकट गहराता जा रहा है। बृहस्पतिवार को नगर स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर सुबह से शाम तक सिलिंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ गई।
बताया जा रहा है कि एजेंसी पर रोजाना गैस सिलिंडरों की आपूर्ति हो रही है, लेकिन मांग इतनी अधिक है कि जितने सिलिंडर आते हैं, उससे कहीं ज्यादा लोग कतार में लगे रह जाते हैं। महिलाओं और बुजुर्गों को भी घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।
नरपतनगर, पुसवाड़ा और बथुआखेड़ा स्थित गैस एजेंसियों पर भी कमोबेश यही स्थिति बनी हुई है। हर जगह उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। मिलकखानम क्षेत्र के जयदीप सिंह सोनू और अलीनगर उत्तरी निवासी मोहम्मद आलम ने बताया कि वह गैस के लिए कई बार चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है।
केवाईसी कराने के लिए भी उपभोक्ताओं में अफरा-तफरी का माहौल है, जिससे एजेंसियों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है। एजेंसी स्वामियों तंजीम जेहरा और वसीम अहमद ने बताया कि गैस सिलिंडरों की कमी नहीं है, रोजाना आपूर्ति हो रही है, लेकिन उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं।