रामपुर। जिला कृषि अधिकारी कुलदीप सिंह राणा ने सोमवार को जिले की कई खाद की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान गड़बड़ी मिलने पर सात दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।
किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराने के लिए जिला कृषि अधिकारी ने कई दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राधे पेस्टीसाइड फर्टिलाइजर एवं सीड्स जौलपुर रोड सैदपुर, ओम बालाजी पेस्टीसाइडस महमूदपुर, लोधी खाद भण्डार पटवाई, सेनी पेस्टीसाइडट एण्ड फर्टीलाइजर्स जौलपुर रोड सैदपुर,यूपी उपभोक्ता सहकारी बहुद्देशीय किसान सेवा केन्द्र जौलपुर रोड, सैदपुर जनपद रामपुर, न्यू पूजा लोथी खाद भंडार चिकटी रामनगर एवं ओद्योनिक उत्पादन एवं विपणन सहकारी समिति चिकटी रामनगर पर रेड बोर्ड, स्टाक रजिस्टर अद्यतन नहीं होने एवं अन्य अनियमितताएं पाए जाने के कारण इन सातों दुकानों के उर्वरक लाइसेंस निलंबित कर दिए।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि अन्य प्रतिष्ठानों से उर्वरक के तीन नमूने ग्रहित किये गये। नमूनों को परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है। उन्होंने समस्त उर्वरक विक्रेता निर्देशित किया है कि यदि किसी उर्वरक विक्रेता द्वारा उर्वरकों की कालाबाजारी, होर्डिंग, ओवर रेटिंग एवं मुख्य उर्वरकों के साथ अन्य कम प्रचलित अन्य उत्पादों की टैगिंग की जाती है तो विरूद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश के अन्तर्गत आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। इसके अतिरिक्त किसानों से अपील की है कि अपनी आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरक का क्रय करें एवं उर्वरक क्रय करते समय अपना आधार कार्ड एवं भूमि की खतौनी अनिवार्य रूप से उर्वरक विक्रेता को उपलब्ध कराये। यदि किसी विक्रेता द्वारा उर्वरक का विक्रय निर्धारित मूल्य से अधिक मूल्य पर किया जाता है या उर्वरक के साथ कोई कम प्रचलित उत्पाद जबरन देता है तो किसान अपनी शिकायत 9258909256 एवं 9458846182 पर दर्ज करा सकते है।
-