स्वार। क्षेत्र में लगातार तेंदुए की चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। रविवार देर रात कुंदनपुर खादर में तेंदुआ दीवार फांदकर एक किसान के घर में घुस गया और आंगन में बंधी बकरी उठाकर ले गया।
घटना रात लगभग दस बजे की बताई जा रही है। अचानक तेंदुए द्वारा बकरी पर हमला करते देख परिजनों में हड़कंप मचा गया। घर के सदस्यों शोर मचाया, लेकिन तब तक तेंदुआ बकरी को लेकर जंगल की ओर निकल चुका था। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने मौके से तेंदुए को खेतों की तरफ भागते देखा।
तेंदुए के घर में घुस आने की घटना से पूरे गांव में भय का माहौल है। महिलाओं और बच्चों को लेकर लोग दहशत में हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी क्षेत्र में तेंदुए की चहलकदमी देखी गई थी, लेकिन अब उसका रुख आबादी की तरफ होने लगा है, जो गंभीर खतरे का संकेत है।
घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई, लेकिन देर रात कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे ग्रामीणों का आक्रोश और भी बढ़ गया। उनका कहना है कि वन विभाग केवल कागजों में कार्रवाई करता है, जबकि मौके पर तैनाती और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा रहे।
ग्रामीणों गुरमीत सिंह, गुरदीप सिंह, बलविंदर सिंह, गुरविंदर सिंह ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गांव में पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।