सड़क से लेकर रेलवे ट्रैक और परीक्षा केंद्रों तक अफरातफरी का माहौल। मौका था चकबंदी लेखपाल भर्ती परीक्षा का। धक्का-मुक्की के बीच अभ्यर्थी ट्रेनों और बसों में सवार होकर अपने गंतव्य तक पहुंचे। परीक्षा केंद्रों पर भी अफरातफरी का माहौल रहा। अभ्यर्थियों को मैनेज करने के लिए पुलिसकर्मियों को पसीने छूट गए।
बसों की छतों पर भी सवार होकर ही अभ्यर्थी घर को रवाना हुए। चकबंदी लेखपाल की भर्ती का आयोजन रविवार को किया गया था। रविवार सुबह से ही बरेली, मुरादाबाद, बदायूं के साथ ही पीलीभीत और अन्य जिले से अभ्यर्थियों के पहुंचने का दौर शुरू हो गया था। अभ्यर्थी सुबह नौ बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचने शुरू हो गए थे।
दो घंटे की परीक्षा के बाद जब परीक्षा खत्म हुई तो अभ्यर्थी रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टेशन के साथ ही सिविल लाइंस थाना चौराहा, अंबेडकर पार्क में एकत्र हो गए। स्टेशन पर उस वक्त ट्रेन नहीं थी। टिकट खिड़की और पूछताछ केंद्र पर भी धक्का-मुक्की होती रही। रोडवेज बस स्टेशन पर भी अफरातफरी का माहौल रहा।
यहां काफी देर तक हंगामा होता रहा। हाईवे से गुजरने वाली बसों में जब जगह नहीं मिली तो छतों पर बैठकर ही अभ्यर्थी घर के लिए रवाना हुए। पुलिसकर्मी इनको मैनेज करने में अपना पसीना बहाते रहे।