कर्मचारी चयन सेवा आयोग की ओर से रविवार को आयोजित चकबंदी लेखपाल की भर्ती परीक्षा संपन्न हो गई। इस दौरान नौ हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। जिले में करीब 10 हजार अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। कई केंद्रों पर अव्यवस्था का माहौल रहा, जिससे अभ्यर्थी भटकते नजर आए।
कर्मचारी चयन सेवा आयोग की ओर से रविवार को प्रदेश भर में चकबंदी लेखपाल की भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। आयोग की ओर से जिले के 46 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शुरू हुई। परीक्षा के लिए 19784 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।
परीक्षा शुरू होने के बाद परीक्षा के नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी एमपी सिंह, नगर मजिस्ट्रेट मदन गर्बियाल समेत अन्य अफसरों ने सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज, राजकीय मुर्तजा इंटर कालेज, रामलीला पब्लिक इंटर कालेज, रजा इंटर कालेज समेत अन्य परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
आयोग के पर्यवेक्षकों ने भी परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया। परीक्षा संपन्न होने के बाद परीक्षा केंद्रों से उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल डाकघर में जमा करा दिया गया है। नोडल अधिकारी ने बताया कि परीक्षा में लगभग नौ हजार अभ्यर्थी गैर हाजिर रहे। परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।