रामपुर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित एक फैक्टरी से निकले टैंकर से शीरा लीक होकर हाईवे पर बिखर गया। इससे वहां वाहन फिसलने लगे, जिससे पीछे से आ रहे वाहनों के पहिए थम गए और जाम लग गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बाद में फैक्टरी से आग बुझाने वाली गाड़ी वहां पहुंची और पानी की बौछारों से शीरा हटवाकर रास्ता साफ किया। जिसके बाद यातायात सुचारू हुआ।
बृहस्पतिवार शाम सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पनवड़िया के पास स्थित रेडिको खेतान फैक्ट्री से शाम करीब साढ़े पांच बजे निकले किसी टैंकर से शीरा लीक होकर सड़क पर गिर गया। इससे वहां से गुजरने वाले लोगों की बाइक फिसल गई। जानकारी होने पर आसपास लोग आ गए। उन्होंने सड़क के दोनों ओर खड़े होकर वाहन चालकों को धीमी गति से गुजरने को कहा। साथ ही पुलिस को सूचना दी। ट्रैफिक पुलिस वहां पहुंच गई। कुछ देर में ही वहां जाम लग गया। रेडिको खेतान फैक्ट्री के महाप्रबंधक प्रशासन इंद्रपाल सिंह ने बताया कि एक टैँकर शीरा उतारकर गया था, जिसके वॉल्व से शीरा टपक रहा था। सूचना पर फैक्टरी से पानी का वाहन भेजकर शीरा साफ करा दिया गया।