रामपुर।अधिवक्ता साथी फारुख अहमद के हत्यारोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को वकीलों का आक्रोश फिर भड़क उठा। आक्रोशित वकीलों ने दोपहर से देर शाम तक करीब छह घंटे तक हाईवे जाम कर धरना दिया। वहीं, इसी बीच पुलिस ने चुपके से मुरादाबाद में उपचाराधीन हत्यारोपी जिला पंचायत कर्मी असगर अली को गिरफ्तार करते हुए कोर्ट में पेश कर दिया। वहां से कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। इस दौरान कोर्ट परिसर में पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।
अधिवक्ता फारुख अहमद की हत्या के मामले में नामजद जिला पंचायत कर्मी असगर अली का पुलिस कस्टडी में मुरादाबाद के अस्पताल में इलाज चल रहा था। जिला पंचायत में वकील की हत्या के बाद आरोपी कर्मचारी भी घायलवस्था में जिला अस्पताल पहुंचा था। वकीलों का आरोप है कि असगर ने खुद को ही घायल किया था और फिर क्रॉस केस के लिए अस्पताल पहुंच गया था।
वकीलों के हंगामे को देखते हुए पुलिस घायल आरोपी असगर को मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल ले गई थी, जहां उसका इलाज चल रहा था। इसके बाद से वकील हत्यारोपी असगर अली की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। इसको लेकर वकील शुक्रवार को हाईवे पर जाम लगाकर बैठ गए। वहां उन्होंने दोपहर करीब 12.30 बजे से देर शाम तक धरना दिया। इस बीच पुलिस की एक टीम अस्पताल में भर्ती असगर अली को रामपुर लाई, जहां चुपके से आरोपी को सुरक्षा व्यवस्था के बीच कोर्ट में पेश किया। वहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया।
-
अधिवक्ता की हत्या के मामले में आरोपी जिला पंचायत कर्मी असगर अली को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
विद्या सागर मिश्र
एसपी
हत्यारोपी का वीडियो वायरल
रामपुर। हत्यारोपी जिला पंचायत कर्मी असगर अली का अस्पताल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वीडियो में वह अपना पक्ष रखता हुआ नजर आ रहा है। यह वीडियो घटना वाले दिन का बताया जा रहा है जब वह घायलवस्था में जिला अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचा था।
अनहोनी की आशंका में पुलिस ने तय की रणनीति
रामपुर। पुलिस को आशंका थी कि वकील गुस्से में हैं। वे हत्यारोपी पर हमला कर सकते हैं। इसे देखते हुए पुलिस ने तुरंत रणनीति बदली। वकीलों के धरने पर बैठे होने के दौरान पुलिस चुपचाप हत्यारोपी को कोर्ट लेकर पहुंची और उसे पेश किया। कोर्ट के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।