रामपुर। कोसी नदी का पानी अब शहर सीमा के पास तक पहुंच गया है। शहर से सटे हजरतपुर के पास सड़क पर पानी आ गया है।
लोग पानी के बीच ही गुजर रहे हैं,वहीं दूसरी ओर भैयानगला गांव के पास निर्माणधीन पुलिया का अप्रोच मार्ग भी कट गया है,जिससे गांव का संपर्क टूट गया है। फिलहाल प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत का काम शुरू कर दिया है।
उत्तराखंड से कोसी नदी में पानी छोड़ा जा रहा है। कोसी नदी का जल स्तर बढ़ने के बाद अब कोसी नदी का पानी सैदनगर क्षेत्र के पसियापुरा चांदपुर के जंगलों तक पहुंच गया है। इसके अलावा शहरी सीमा से सटे हजरतपुर गांव में शुक्रवार को कोसी नदी का पानी सड़क पर पहुंच गया,जिसके बाद लोगों में खलबली मच गई। लोग जलभराव के बीच ही सड़क से गुजरते हुए नजर आए।
वहीं दूसरी ओर सदर क्षेत्र के भैयानगला गांव के पास भी पुलिया का संपर्क मार्ग टूट गया। डीएम जोगिदंर सिंह ने इस मामले में एसडीएम व अन्य अधिकारियों को तुरंत इस पर कार्रवाई करने को कहा है साथ ही संपर्क मार्ग की मरम्मत के आदेश दिए हैं।