रामपुर। चीनी मांझे से पतंगबाजी के चलते इलाकों में बिजली सप्लाई आए दिन बाधित हो रही है, लेकिन इस समस्या से निजात अब तक नहीं मिला। शाम को फूलों वाली बगिया मोहल्ले में चीनी मांझे से सप्लाई ठप हो गई। टीम ने दो घंटे की मशक्कत के बाद फीडर पर सप्लाई चालू की।
इस मोहल्ले में रोजाना पतंगबाजी होती है, जिससे इसका मांझा तारों में फंसकर सप्लाई उड़ा देता है। इसके लिए कई बार पुलिस की मदद से भी लोगों को समझाया गया और बिजली विभाग की टीम ने स्वयं भी लोगों को पतंगबाजी न करने के लिए चेतावनी दी, लेकिन कोई हल नहीं निकल सका। शनिवार को शाम पांच बजे मोहल्ले में पतंगबाजी कर रहे युवकों से पतंग तार में चिपक गई जिसको छुड़ाने में तार आपस में चिपक गए और सप्लाई बाधित हो गई। करीब दो घंटे के बाद सप्लाई सुचारू हो सकी, जिसके बाद लोगों ने राहत ली। इस बीच कई बार लोगों ने बिजलीघर पर फोन किया, लेकिन जवाब नहीं मिला। इधर, एक्सईएन प्रथम पीके शर्मा ने बताया कि कुछ इलाके ऐसे हैं, जिनमें पतंगबाजी ज्यादा हो रही है, जिससे सप्लाई बाधित हो रही है। कई बार लोगों को समझा भी दिया गया है।