भाकियू (भानु) के कार्यकर्ता चिटफंड, रियल स्टेट और मल्टीपर्पज कंपनियों के खिलाफ सड़क पर उतर आए। कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। चिटफंड कंपनियों पर कार्रवाई करते हुए जिले भर में संचालित और फरार चिटफंड कंपनियों के खाते सीज कराने, लोगों का जमा धन दिलाने की मांग की गई।
अंबेडकर पार्क में पंचायत के बाद कार्यकर्ता राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद हनीफ वारसी के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए जुलूस की शक्ल में कलक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शन कर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। जिसमें कहा गया कि शहर, बिलासपुर और स्वार में चिटफंड, रियल स्टेट और मल्टीपर्पज कंपनियों ने बैंकों की तर्ज कर दफ्तर खोल लिए हैं।
कंपनियां धन दोगुना, जामीन, प्लाट और मकान के नाम पर किसानों से आरडी-एफडी के नाम पर अवैध वसूली कर रही हैं। कई कंपनियों का किसानों का पैसा लेकर फरार हो चुकी हैं। ऐसे में किसानों का पैसा डूबने की आशंका है। डीएम से कंपनियों की जांच कराकर अवैध वसूली करने वाली कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई और किसानों को पैसा वापस दिलाने की मांग की।
ज्ञापन देने वालों में प्रदेश प्रवक्ता सहादत अली, भानुप्रताप गंगवार, हरताल सिंह यादव, अरविंद कुमार, अवतार सिंह, महेश कुमार, योगराज, विनोद कुमार, सौराज सिंह, मोहम्मद अहकाम, विजयपाल, सगीर अहमद, उमेश श्रीवास्तव, मेवाराम, काशीराम, राजाराम, नजफ अली, सगीर अहमद शामिल थे।