रामपुर। जनपद न्यायालय द्वारा नियुक्त एडवोकेट कमिश्नर मुजम्मिल हुसैन क्तद्भ सौरभ सक्सेना खासबाग पैलेस की चल संपत्ति के सर्वे के लिए खासबाग पैलेस पहुंचे। जहां पर उन्होंने बंद कमरे खुलवाए और चल संपत्ति की सूची तैयार की।
रामपुर के अंतिम शासक नवाब रजा अली खां की संपत्ति के बंटवारे की प्रक्रिया चल रही है। खरबों रुपये की पांच संपत्तियों कोठी खासबाग, बेनजीर, नवाब स्टेशन, सरकारी कुंडा और लक्खी बाग का बंटवारा शरीयत के आधार पर अंतिम शासक के वारिसान के बीच किया जाना है। सुप्रीम कोर्ट ने इस पूरी प्रक्रिया का जिम्मा जिला न्यायाधीश को सौंपा है। सर्वे के लिए जनपद न्यायालय द्वारा एडवोकेट मुजम्मिल हुसैन और सौरभ सक्सेना खासबाग पैलेस पहुंचे और कई कमरे खुलवाकर संपत्ति की सूची तैयार की। एडवोकेट कमिश्नर ने बताया कि रिपोर्ट अदालत के समक्ष प्रस्तुत करने की तैयारी की जा रही है। सर्वे के दौरान पूर्व राज्यमंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां, वरिष्ठ अधिवक्ता हर्ष गुप्ता, संदीप सक्सेना, काशिफ खां व शबाब हुसैन भी मौजूद रहे।