एक्साइज ड्यूटी के विरोध में सर्राफा कारोबारियों की हड़ताल 27वें दिन सोमवार को भी जारी रही। सर्राफा कारोबारियों के दोनों संगठनों ने विरोध-प्रदर्शन कर नारेबाजी की। एकजुट होकर संघर्ष करने की अपील की है। साहूकारा सर्राफा कमेटी की मीटिंग में मुकेश आर्य ने कहा कि सर्राफा कारोबारियों की परेशानी अभी तक सरकार को नजर में नहीं आई है।
कारोबारी हिम्मत नहीं हारेंगे और अपनी मांग के निस्तारण के लिए एकजुट होकर प्रदर्शन जारी रखेंगे। हड़ताल से न सिर्फ सर्राफा कारोबारी, बल्कि हजारों लोग प्रभावित हो रहे हैं। चंद्रप्रकाश रस्तोगी ने कहा कि सर्राफा कारोबारी आखिरी दम तक अपना विरोध प्रदर्शन जारी रहेंगे और जीत हासिल करेंगे। इस दौरान प्रेमकिशोर, रविप्रकाश, नितिन, दिलीप रस्तोगी, विनोद कुमार गप्पल, उमेश, राजीव शर्मा, कपिल शर्मा, अंशुल रस्तोगी, राजेश, विनीत अग्रवाल, कमल शर्मा, दिनेश रस्तोगी, अंकित रस्तोगी आदि मौजूद रहे।
वहीं, ज्वालानगर सर्राफा कमेटी ने भी विरोध प्रदर्शन कर नारेबाजी की। कमेटी के अध्यक्ष कमल किशोर रस्तोगी ने कहा कि सरकार सर्राफा कारोबारियों की मांग की लगातार अनदेखी कर रही है। सरकार एक्साइज ड्यूटी लागू न कर किसी अन्य रूप में कर लागू कर दे। एक्साइज ड्यूटी से इंस्पेक्टर राज को बढ़ावा मिलेेगा और कारोबारियों का उत्पीड़न होगा। राजीव लोचन, मनोज कुमार, दिलीप गोयल, रामकिशन गुप्ता, प्रदीप सिंह, चंद्रराज मित्तल, उमेश, अंकुर अग्रवाल आदि मौजूद रहे।