कर्मचारियों की ओर से उपभोक्ताओं के घर पहुंचने में लापरवाही बरतने पर होगी विभागीय कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। अब बिजली विभाग के कर्मचारी उपभोक्ताओं के घर-घर जाकर उन्हें स्मार्ट प्रीपेड मीटर के इस्तेमाल और रिचार्ज की जानकारी देंगे। विभाग के निर्देशानुसार, फील्ड कर्मचारियों व जूनियर मीटर टेस्टर को प्रतिदिन कम से कम 10 घरों में जाकर उपभोक्ताओं से सीधा संपर्क स्थापित करना होगा और अपनी दैनिक रिपोर्ट विभाग को देनी होगी।
इस पहल के तहत कर्मचारी बिल न भरने वाले या लंबे समय से बिल जमा न कराने वाले उपभोक्ताओं की जानकारी एकत्र कर उन्हें बिल भुगतान के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही, वे उपभोक्ताओं के मोबाइल में यूपीपीसीएल स्मार्ट एप इंस्टॉल कराएंगे और उसके इस्तेमाल की पूरी जानकारी देंगे।
विभाग के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रीपेड स्मार्ट मीटर से जुड़े उपभोक्ताओं को तकनीकी सहूलियत प्रदान करना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। कर्मचारी नए कनेक्शनों में आर्मर्ड केबल लगी होने की जांच भी करेंगे। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
बिजली विभाग कर्मचारियों और जूनियर मीटर टेस्टर को उपभोक्ताओं के घर भेजेगा। कर्मचारी घरों में पहुंचकर उपभोक्ताओं को बिजली विभाग की ओर से चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जागरूक करेंगे, इसके अलावा स्मार्ट मीटर में रिचार्ज करने का तरीका बताएंगे। साथ ही मौके पर ही समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करेंगे। -वेचनराम, अधिशासी अभियंता परीक्षण