अवर अभियंता पर लगाया सुविधा शुल्क लेने का आरोप
रामपुर। विद्युत लाइन शिफ्टिंग के नाम एक अवर अभियंता पर सुविधा शुल्क लेने का आरोप लगा है। सुविधा शुल्क वापस न करने पर मामले को मुख्यमंत्री के सामने रखने की चेतावनी दी गई है।
अपना दल एस के जिला महासचिव टांडा निवासी मोहम्मद वकील ने विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता को भेजे शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि टांडा बिजली घर पर कुछ दिन के लिए अस्थायी रूप से तैनात एक अवर अभियंता ने लाइनमैन के माध्यम से 11 केवीए की लाइन शिफ्टिंग के नाम पर वसीम अहमद निवासी अगवानपुर मुरादाबाद से 70 हजार की रिश्वत ली है। पत्र में कहा गया है कि इसकी जानकारी वसीम अहमद ने उन्हें दी।
उन्होंने आरोप लगाया है कि न तो लाइन ही शिफ्ट हुई और ना ही पैसा ही वापस हुआ। मोहम्मद वकील ने पत्र में चेतावानी देते हुए कहा है कि यदि लाइन शिफ्ट कराने के नाम पर ली गई धनराशि वापस नहीं की गई तो वह मुख्यमंत्री दरबार में इसकी शिकायत करेंगे। अधिशासी अभियंता द्वितीय इमरान ने बताया कि यह प्रकरण उनके संज्ञान में नहीं है। प्रकरण उनके सामने आएगा तो उसकी जांच कराई जाएगी। जो भी कोई दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संवाद