पंचायत चुनाव में परिणामों की घोषणा होने में काफी लेट लतीफी हुई। पांच घंटे की मेहनत के बाद बीडीसी के परिणाम आने शुरू हुए। जिला पंचायत सदस्य पद के परिणामों को लेकर भी उलझन होती रही। रिजल्ट आनलाइन होने की वजह से वेबसाइट पर दर्ज करने का सिलसिला देर रात तक चलता रहा।
जिला पंचायत सदस्य और बीडीसी पदों के लिए पिछले दिनों हुए चुनाव के बाद रविवार को जिले भर में मतगणना का काम शुरू हुआ। चमरौवा और सैदनगर की मतगणना का काम डुंगरपुर स्थित मंडी समिति में शुरू हुआ। मंडी समिति में चमरौवा की मतगणना एसडीएम सदर अरविंद कुमार और सैदनगर की मतगणना एसडीएम टांडा की देखरेख में शुरू हुई।
मतगणना शुरुआती दौर में काफी सुस्त गति से चली। शुरुआत के कई घंटे तक मतपत्रों की छंटाई का ही काम चला। इसके बाद बंडलिंग कराई गई फिर इसके बाद मतगणना शुरू हुई। सुबह आठ बजे से शुरू हुई मतगणना का पहला परिणाम दोपहर करीब एक बजे बीडीसी सदस्य का घोषित किया गया।
शाहबाद ब्लाक में सबसे पहला रिजल्ट घोषित किया गया। इसके बाद अन्य ब्लाकों में भी बीडीसी के परिणामों की घोषणा होती रही। दोपहर चार बजे तक कुल 63 बीडीसी सदस्यों के परिणाम घोषित किए जा चुके थे। इसके साथ ही जिले के अन्य ब्लाकों में देर शाम तक परिणामों के आने का दौर शुरू हो गया।
जिला पंचायत के परिणामों की घोषणा को लेकर सस्पेंस बना रहा। देर शाम तक किसी भी ब्लाक में जिला पंचायत सदस्य के परिणाम घोषित नहीं किए जा सके। हालांकि इन ब्लाकों में मतगणना का दौर जारी था और रुझान भी मिलने शुरू हो गए थे। परिणाम को लेकर जबर्दस्त उत्साह मतगणना स्थलों पर साफ देखा गया।