पंचायत चुनाव के परिणाम जानने को लेकर रविवार को दिनभर शहर से लेकर गांव तक के लोगों में जबर्दस्त उत्साह रहा। मतगणना स्थलों के आसपास से लेकर गांव की चौपालों तक परिणाम जानने को लेकर उत्सुकता बनी रही। मतगणना स्थलों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को काफी मेहनत करनी पड़ी।
कई दफा तो पुलिस को भीड़ हटाने के लिए लोगों को खदेड़ना पड़ा। पंचायत चुनाव के नतीजे रविवार को घोषित होने शुरू हुए। जिले के पांच स्थानों पर मतगणना का काम शुरू होने के साथ ही यहां प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में जबर्दस्त उत्साह देखा गया। डुंगरपुर स्थित मंडी समिति में रविवार सुबह सैदनगर और चमरौवा की मतगणना शुरू हुई।
यहां उम्मीदवारों के एजेंट और उनके समर्थक जुटने लगे। चेकिंग के बाद मंडी स्थल तक एजेंट और प्रत्याशी को भीतर लाया गया। इसके बाद समर्थकों की भीड़ मतगणना स्थल के आसपास जुटनी शुरू हो गई। पुलिस ने मतगणना स्थल तक लोगों की भीड़ न पहुंचे इसके लिए बैरीकेडिंग भी कर दी गई थी।
लोगों का उत्साह इतना जबर्दस्त था कि रिजल्ट जानने के लिए लोग मंडी समिति के गेट तक पहुंच गए थे। कुछ लोग तो गेट पर ही चढ़ गए थे। इसके साथ ही तमाम लोगों ने मतगणना स्थल पर पहुंचने की भरसक कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। यहां पर दिन भर रिजल्ट जानने को लेकर उत्सुकता छाई रही।
मंडी समिति केअलावा जिले के विभिन्न ग्रामीण इलाकों के चौपालों पर भी रिजल्ट को लेकर चरचा होती रही। दिन भर यहां लोग यह जानने की कोशिश में लगे रहे कि कौन आगे चल रहा है और कौन पीछे।