जिला और क्षेत्र पंचायत चुनाव की मतगणना जिले में पांच केंद्रों पर एक साथ शुरू हुई। दोपहर बाद से क्षेत्र पंचायत सदस्य के परिणाम घोषित किए जाने लगे। समाचार लिखे जाने तक लगभग 300 परिणामों की घोषणा कर दी गई थी। वहीं, जिला पंचायत सदस्यों की मतगणना जारी थी।
अभी आधिकारिक रूप से जिला पंचायत के किसी भी वार्ड का परिणाम घोषित नहीं किया गया था। जिला पंचायत सदस्यों के परिणाम सोमवार को आने की उम्मीद है। जिले में जिला पंचायत के 35 और क्षेत्र पंचायत के 886 वार्डों में चुनाव चार चरणों में कराया गया। चुनाव 9, 13, 17 और 29 अक्तूबर को कराए गए थे। इसकी मतगणना रविवार को शुरू कराई गई।
चमरौवा और सैदनगर विकास खंड की मतगणना रामपुर मंडी समिति में और मिलक, बिलासपुर, स्वार तथा शाहबाद में संबंधित क्षेत्र की मतगणना की जा रही है। सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह मतगणना शुरू हुई। बिलासपुर मंडी समिति में एजेंटों के प्रवेश को लेकर कुछ विवाद हुआ था, जिसे बाद में सुलझा लिया गया।
अन्य किसी मतगणना केंद्र पर विवाद या नोकझोंक की सूचना नहीं मिली। मतगणना के दौरान प्रेक्षक, डीएम, एसपी सहित अन्य अधिकारी केंद्रों का दौरा कर निरीक्षण करते रहे। मंडलायुक्त ने भी कई मतगणना केंद्रों का दौरा किया। मतगणना केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा के साथ-साथ पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।
केंद्रों पर प्रत्याशी और उनके समर्थक सुबह से ही जमे रहे। रुझानों से प्रत्याशियों के चेहरे की रंगत पल-पल बदलती रही। प्रत्याशी जब आगे चल रहा होता था उसके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ जाती थी। पीछे होने की स्थिति कहते थे कि अभी हमारे वोट खुलने बाकी हैं। मतगणना पूरी रात चलेगी। सोमवार दोपहर तक पूरी स्थिति साफ होने की उम्मीद है।