रामपुर। सांसद आजम खां की जौहर यूनिवर्सिटी में चकरोडों की पैमाइश पूरी होने के बाद जमीन को कब्जा मुक्त कराने की कार्रवाई शुरु कर दी गई है। चूंकि, चकरोड की इस जमीन पर कुछ इमारतें भी जद में आ गई हैं, जिसके बाद यूनिवर्सिटी को जमीन खाली करने के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे।
राजस्व परिषद ने ग्यारह चकरोडों की 17 बीघा जमीन को खाली कराने के आदेश दिए थे। इसके अनुपालन में राजस्व टीम यूनिवर्सिटी पहुंची थी और चकरोड की पैमाइश कर ली थी। प्रशासन ने चकरोड की जमीन सींगनखेड़ा की ग्राम प्रधान को दखल नामा भी दे दिया। वहीं, पैमाइश में यह भी सामने आया कि एक चकरोड पर निर्माणाधीन मेडिकल कालेज की दीवार बनी है, जबकि दूसरे में निर्माणाधीन इमारत आ रही हैं। चकरोड में वाइस चांसलर आवास का कुछ हिस्सा आ रहा है। ऐसे में चकरोड की जमीन पर बनी इन इमारतों को हटाया जाएगा। इसके लिए धारा 82 के तहत यूनिवर्सिटी को नोटिस जारी करने की तैयारी की जा रही है। जिलाधिकारी आंजनेय कुमार सिंह ने बताया कि यूनिवर्सिटी प्रशासन को चकरोडों की जमीन से इमारतों एवं निर्माण को हटाने के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे। नोटिस संभवत: सोमवार को जारी किए जाएंगे।