धनतेरस पर बाजार में लोगों की भीड़ ऐसी उमड़ी कि ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त हो गई। शहर के मिस्टन गंज, बर्तन बाजार, ज्वाला नगर, सिविल लाइंस के बाजारों में कारों आैर बाइकों की जहां-तहां पार्किंग होने से जाम जैसे हालात हो गए। हाल यह था कि पैदल निकलना भी मुश्किल भरा हो गया। जिसकी वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इधर, धनतेरस पर जिले में एक अनुमान के मुताबिक करीब 25 करोड़ रुपये का व्यावसाय हुआ है, इससे व्यापारियों के चेहरे खिले हुए हैं।
धनतेरस के संग ही जिले भर में दिवाली की धूम मचनी शुरू हो गई। शुक्रवार की सुबह से ही बाजार पूरी तरह सजे हुए थे। जैसे-जैसे दिन ढलना शुरू हुआ वैसे ही बाजारों में भीड़ बढ़नी शुरू हो गई। शहर के बर्तन बाजार, मिस्टन गंज, भगवती मार्केट, बाजार नसरुल्ला खां, सिविल लाइंस, बीपी कालोनी, आदर्श कालोनी, ज्वाला नगर, शाहबाद रोड पर बाजार में सुबह से ही भीड़ जुटनी शुरू हो गई। दिन भर यहां पर जमकर खरीदारी की गई। मद्रासी बर्तनों के साथ इंडक्शन के बर्तनों की जमकर खरीदारी की गई। इसके अलावा आभूषणों की दुकानों में भी खूब बिक्री की गई। इलेक्ट्रानिक्स बाजार भी गर्म रहा।
एक अनुमान के मुताबिक करीब दो करोड़ रुपये का व्यावसाय बर्तन बाजार में हुआ है। व्यापारियों की मानें तो ग्राहकों में जबरदस्त उत्साह रहा। इसके अलावा वाहन बाजार भी खासा गर्म रहा। शहर के तीन शो रूम में करीब एक हजार वाहनों की बिक्री की गई। वाहन बाजार दिन भर गर्म रहा,जिससे उनके चेहरे खिले रहे। अनुमान के मुताबिक करीब बीस करोड़ के वाहनों की बिक्री की गई। इसके अलावा सराफा बाजार, इलेक्ट्रानिक बाजार तक में करीब एक करोड़ रुपये की बिक्री का अनुमान होने की उम्मीद है। इधर, मिलक, स्वार, टांडा, बिलासपुर, दढ़ियाल, शाहबाद, सैफनी में भी धनतेरस पर खरीदारी की गई।