आलियागंज में हुए बवाल के दस दिन बाद पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जाहिदा सलाम गांव पहुंचीं, जहां उन्होंने पीड़ित परिवारों का हाल जाना। इस दौरान उन्होंने पीड़ितों से कहा कि घबराने की कोई बात नहीं है।
हम आपके साथ हैं। किसी का भी उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएग। हक के लिए कानूनी लड़ाई जारी रहेगी। उनके साथ कई अधिवक्ता भी आलियागंज पहुंचे और पीड़ित परिवारों से बात की।
आलियागंज में मकान तोड़ने के बाद भूख हड़ताल पर बैठे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हाफिज अब्दुल सलाम की गिरफ्तारी के बाद बवाल हो गया था। घटना के बाद हाफिज सलाम इस वक्त जेल में हैं। अब सलाम की पत्नी एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जाहिदा सलाम ने पीड़ितों की आवाज उठानी शुरू की है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जाहिदा सलाम बुधवार को गांव पहुंची। अधिवक्ताओं की टीम के साथ वह यहां पहुंची, जहां ग्रामीणों से उन्होंने मामले की जानकारी ली। साथ ही भरोसा दिलाया कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
सब कुछ ठीक हो जाएगा। निडर होकर परिस्थितियों से मुकाबला करें। कानूनी लड़ाई हमेशा लड़ी जाती रहेगी। इसके लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। किसी का भी उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। यह भी दावा किया है कि जिन लोगों को आरोपी बनाया गया है उस पर उनकी गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है।
अधिवक्ताओं ने भी पीड़ितों को कानूनी लड़ाई लड़ने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर अधिवक्ता ताज मोहम्मद, मोहम्मद सुलेमान, तुर्क शाहनावाज, जाहिद अली, आलम, आलमगीर, मुस्तफा हुसैन, जुहूर, मोहम्मद कुर्बान, इश्तेहाक अली, फिरासत अली आदि मौजूद रहे।