सीसीटीवी में कैद हुई घटना, वीडियो वायरल, वन विभाग ने गीदड़ पकड़ने को गठित की टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पुरानी तहसील रोड पर एक खूंखार गीदड़ ने दो दिनों के भीतर छह से अधिक लोगों पर हमला कर घायल कर दिया। घायलों ने निजी चिकित्सकों से उपचार कराया है। गीदड़ के हमले की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं वन विभाग ने गीदड़ को पकड़ने के लिए टीम गठित कर दी है। टीम जल्द गीदड़ को पकड़ने की कार्रवाई करेगी।
नगर के मोहल्ला शीरीमिया स्थित पुरानी तहसील रोड निवासी समाजसेवी सुजाअत हसन खां ने बताया कि रविवार सुबह मस्जिद में नमाज अदा करने के बाद वह घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आए गीदड़ ने उनके पैर पर हमला कर घायल कर दिया और कुछ ही देर में भाग गया। उन्होंने बताया कि पहले उन्हें लगा कि यह कुत्ता है।
सोमवार सुबह मोहल्ला साहूकारा निवासी होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. प्रवीन कुमार अग्रवाल मॉर्निंग वॉक से लौट रहे थे, तभी पुरानी तहसील रोड पर गीदड़ ने उन पर भी पीछे से हमला कर घायल कर दिया। इसी तरह मोहल्ला शीरीमिया और साहूकारा निवासी विनोद कुमार, केतकी देवी, रियासत अली, राजेश कुमार आदि भी गीदड़ के हमले का शिकार हुए हैं।
सोमवार को जब सीसीटीवी फुटेज सामने आई तो मामले की पुष्टि हुई। लोगों का कहना है कि पुरानी तहसील रोड और आंबेडकर पार्क में टहलने वालों को ही यह गीदड़ निशाना बना रहा है। घटना सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में दहशत का माहौल है।
लोगों ने इसकी सूचना आरक्षित डंडिया वन के रेंजर को दी। रेंजर अमित कुमार सिंह ने बताया कि गीदड़ को पकड़ने के लिए टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही गीदड़ को पकड़कर जंगल में छोड़ा जाएगा।