रामपुर। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में बिजली गुल होने के दौरान मोबाइल की रोशनी में बच्चे के पैर में टांके लगाने के मामले में सीएमओ ने जांच बैठा दी है। मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय टीम गठित की गई है। रविवार रात करीब नौ बजे पैर में चोट लगने पर बच्चे को उपचार के लिए इमरजेंसी लाया गया था।
डॉक्टर बच्चे के पैर में टांके लगा रहे थे, तभी अचानक बिजली गुल हो गई। इससे इमरजेंसी में अंधेरा छा गया। बिजली जाने के बाद तत्काल वैकल्पिक रोशनी की व्यवस्था नहीं हो सकी। ऐसे में बच्चे के पैर में टांके लगाने का काम मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में किया गया। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
अब टीम टीम जांच पूरी करने के बाद रिपोर्ट सीएमओ को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में बिजली गुल होने के दौरान मोबाइल की रोशनी में बच्चे को टांके लगाए जाने का मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच के लिए दो सदस्यीय टीम गठित की गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। -डॉ.दीपा सिंह, सीएमओ