रामपुर। अपर जिलाधिकारी प्रशासन जगदम्बा प्रसाद गुप्ता और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और उपजिलाधिकारी सदर प्रवीण वर्मा ने नगर पालिका परिषद का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय उन्होंने उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया, जिसमें लिपिक साजिदा बेगम व स्टोर कीपर अब्दुल मन्नान अनुपस्थित पाए गए।
नगर पालिका में पत्रावलियों का भी अवलोकन किया। अवलोकन से जानकारी प्राप्त हुईं कि सामान आपूर्ति के बाद पत्रावलियों को एक वर्ष से अधिक तक रोककर रखा गया है। इसी प्रकार उन्होंने पाया कि 53,69,000 रुपये की पंप क्रय की पत्रावली दो मई 2020 से लंबित रखी गईं हैं। साथ ही पंप मोटर न होने की पत्रावली अभी तक नहीं बनाई गई है, जिसके कारण पानी की आपूर्ति की समस्या आने पर उसके निदान की कार्यवाही किया जाना सम्भव नहीं होगा। भुगतान किए जाने की पत्रावलियों का भी कोई रजिस्टर नहीं बनाया गया, जिससे ये पता चल सके कि कौन-कौन सी पत्रावली कितने समय से लंबित हैं और लंबित रहने का कारण क्या है? पानी की टंकियों में कबूतर आदि पक्षी न जाने पाए इसके लिए जाली लगाए जाने की पत्रावली नहीं बनाई गई है, जबकि अवर अभियंता ने बताया कि पत्रावली बनाने के लिए कहा गया है। स्पष्ट है कि पत्रावलियों की कार्यवाही मनमाने तरीके से की जा रही है। अपर जिलाधिकारी ने नगर में भ्रमण कर अतिक्रमण हटवाए जाने की कार्यवाही कराई गई तथा शहर में साफ-सफाई की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को उन्होंने निर्देशित किया कि नगर में भ्रमण कर अतिक्रमण हटवाए जाने के लिए नियमित अभियान चलाना सुनिश्चित करें।