लाडी के भाई के फार्म हाउस पर छापा
- फोटो : amarujala
इनकम टैक्स अधिकारियों की टीम ने पुलिस फोर्स के साथ दर्जा मंत्री हरमिंदर सिंह लाडी के भाई हरवंत सिंह ढिल्लन के फार्म हाउस पर भी छापा मारा। इस बीच पहुंचे अधिवक्ता जरनैल सिंह ने टीम अधिकारियों से बातचीत की। अधिवक्ता जरनैल सिंह के अनुसार इनकम टैक्स टीम को फार्म हाउस का पता सही नहीं मिला था। करीब नौ घंटे जांच पड़ताल कर टीम वापस लौट गई। हालांकि, छापेमारी को लेकर क्षेत्र में तरह तरह की चर्चाएं हैं।
सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे पांच प्राइवेट गाड़ियों में इनकम टैक्स के आरआईएस (बरेली) राम सिंह, डिप्टी कमिश्नर गुरप्रीत सिंह, मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारियों का काफिला सीआरपीएफ और यूपी पुलिस के साथ यूपी के ग्राम नया गांव (रामपुर) हरवंत सिंह ढिल्लन के फार्म हाउस पर पहुंचा। टीम के फार्म हाउस के अंदर जाते ही पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर दी।
फार्म पर कोई परिजन नहीं मिला। कक्षों में ताले लगे थे। अधिकारियों ने फार्म की बारीकी से जांच पड़ताल की। यहां तक फार्म हाउस के आसपास खेतों में भी पुलिस बल तैनात रहा। छापामारी की सूचना पर क्षेत्रभर से सैकड़ों राजनैतिक, सामाजिक कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए, लेकिन पुलिस फोर्स ने मीडिया सहित किसी राजनैतिक और अन्य लोगों को अंदर नहीं घुसने दिया।
इनकम टैक्स टीम फार्म हाउस पहुंची तो वहां मुंशी गोकुल और माली गोपाल मिले। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने माली और मुंशी के मोबाइल कब्जे में ले लिए। इनकम टैक्स अधिकारियों ने बाजपुर स्थित एक बैंक से एक अधिकारी को भी बुलाया था। जिससे बैंक पासबुक के माध्यम से एड्रेस प्रूफ की जांच की गई थी।