इमाम के साथ अवैध संबंधों के चलते महिला ने इमाम के साथ मिलकर अपनी सास की हत्या कर दी थी। पति की पूछताछ में जब पत्नी ने यह खुलासा किया तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। पति ने पूरा मामला पुलिस को बताया। पुलिस की पूछताछ में इमाम ने भी घटना कबूल कर ली।
पुलिस ने आरोपी महिला और इमाम को हिरासत में लेकर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साथ ही मजिस्ट्रेट अनुमति लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्र से भी निकलवाने की तैयारी कर है।
कोतवाली क्षेत्र के नानकार रानी का मझरा सेडू वाला गांव में 26 दिसंबर की रात शहाना बी ने अपनी सास शेरबानो के सिर में सरिया मारकर हत्या कर दी थी।
इसके बाद परिजनों की पंचायत में मामले को रफा-दफा कर दिया गया। लेकिन, शुक्रवार को शेरबानो के तीजे के दौरान शेरबानो के बेटे जुबैर ने अपनी मां की हत्या के बारे में जब शहाना बी से सख्ती से पूछताछ की तो उसने इमाम के साथ आपत्तिजनक अवस्था में पकड़े जाने पर सास की हत्या करने की बात कही।
इस पर जुबैर गुस्से में भर गया और एक हाथ में हंसिया लिए दूसरे हाथ से पत्नी को घसीटता हुआ मदरसे में पहुंच गया, जहां उसकी मां के तीजे की फातियां पढ़ी जा रहीं थीं। वहां पर जुबैर ने रिश्तेदारों व ग्रामीणों को पूरी बात बताई, जिससे सभी लोगों को गुस्सा आ गया और वह आरोपी इमाम को पकड़ने के लिए मस्जिद पहुंच गए।
जुबैर और ग्रामीणों ने इमाम मोहम्मद अली से पूछताछ की तो उसने घटना में शामिल होने से इंकार किया तो जुबैर ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सीओ राहुल कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने इमाम से पूछताछ की तो उसने हत्या में शामिल होने की बात कुबूल कर ली।
इस पर पुलिस ने शाहाना बी और मुरादाबाद के डिलारी थाना क्षेत्र के सहसपुरी गांव निवासी इमाम मोहम्मद अली को हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने जुबैर की तहरीर पर शहाना बी और मोहम्मद अली के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
पुलिस को आरोपियों ने बताया कि उन्हें शेरबानो ने आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था, जिस पर उन्होंने ईंट और सरिया से हमला करने के बाद गला दबाकर शेरबानो की हत्या कर दी थी। अब पुलिस मजिस्ट्रेट अनुमति पर कब्र से शव निकलवाकर उसका पोस्टमार्टम कराएगी।