रामपुर। आरडीए (रामपुर विकास प्राधिकरण) की जेसीबी अवैध प्लाटिंग पर चली। जेसीबी से प्लाटिंग के लिए किए जा रहे निर्माण कार्य को तोड़कर ध्वस्त कर दिया गया। वहीं, आरडीए की इस कार्रवाई से प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
ज्वालानगर टिकटगंज स्थित गाटा संख्या 26 क व 25 में प्लाटिंग की जा रही है। इसके लिए सड़कें व बाउंड्री का निर्माण कराया जा रहा था। इस बीच आरडीए की जानकारी में यह मामला आ गया, जिस पर आरडीए ने 22 हजार वर्ग मीटर भूमि पर चल रही प्लाटिंग व निर्माण को रोकने के लिए नोटिस जारी कर दिए। लेकिन, इसके बाद भी न तो नोटिसों का जवाब दिया गया और न ही निर्माण कार्य रोका गया। बुधवार को आरडीए की टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंच गई, जहां टीम ने प्लाटिंग के लिए हुई निशानदेही को नष्ट कर दिया और बाउंड्री को तुड़वा दिया। नगर मजिस्ट्रेट हेम सिंह ने बताया प्लाटिंग में चल रहे निर्माण को ध्वस्त कर दिया है। आगे भी यदि बिना नक्शा पास कराए प्लाटिंग का कार्य जारी रखा गया, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।