रामपुर। जिले में होमगार्ड विभाग का जल्द ही अपना भवन होगा। यह भवन फैजनगर में बनाया जाएगा। प्रदेश के होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मवीर प्रजापति ने जिला कार्यालय का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया।
फैजनगर में आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री ने कहा कि सभी होमगार्ड अपने कर्तव्यों का पालन पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ करें। प्रदेश सरकार आपके साथ है। कोई भी होमगार्ड ऐसा कोई कार्य न करे, जिससे विभाग की छवि धूमिल हो। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले होमगार्ड के आश्रितों को मात्र तीन लाख रुपये ड्यूटी के दौरान दुर्घटना होने पर दुर्घटना बीमा के रूप में मिलते थे, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अब होमगार्ड की आकस्मिक मृत्यु होने पर आश्रित को पांच लाख रुपये अनुग्रह राशि प्रदान की जा रही है।
उन्होंने कहा कि दुर्घटना होने पर होमगार्डों को बैंकों के माध्यम से 35 से 40 लाख रुपये दुर्घटना बीमा दिया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में होमगार्ड्स विभाग को मजबूती देने के लिए लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसी का परिणाम है कि जिन जनपदों में होमगार्ड्स विभाग के अपने कार्यालय नहीं थे, वहां कार्यालय भवन का निर्माण किया जा रहा है। अतिशीघ्र प्रदेश के सभी जनपदों में होमगार्ड्स कार्यालय का निर्माण पूर्ण किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि कार्यालय भवन न केवल प्रशासनिक कार्यों के संचालन को सरल बनाएगा, बल्कि होमगार्डों को एक सुसज्जित और सम्मानजनक कार्यस्थल भी प्रदान करेगा। इस अवसर पर डिवीजनल कमांडेंट होमगार्ड्स मुरादाबाद रामनारायण, जिला कमांडेंट होमगार्ड्स कमलेश चौहान, एक्सईएन यूपीपीसीएल दीपक कुमार शर्मा ने भी होमगार्डों को संबाेधित किया। इस मौके पर एसडीएम न्यायिक राजेश कुमार, अध्यक्ष व्यापार मंडल संदीप अग्रवाल सहित समस्त अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।