गंज थाना क्षेत्र के बिलासपुर गेट पर दुकान के सामने सो रहे बुजुर्ग पर चालक ने कार चढ़ा दी, जिससे उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार जब्त कर ली है। इतनी बड़ी घटना को भी पुलिस हल्के में ले रही है। उसका कहना है कि अगर मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर आती है तो कार्रवाई होगी। गंज थाना क्षेत्र के ठोठर मोहल्ला निवासी शाहदत नूर की बिलासपुर गेट पर सीमेंट की दुकान है।
वो बृहस्पतिवार शाम दुकान के सामने ही चारपाई पर सो रहे थे। सामने आ रही एक तेज गति कार अनियंत्रित होकर चारपाई पर चढ़ गई। चारपाई पर सो रहे शाहदत नूर कार के नीचे दब गए। उनको कार के नीचे दबा देखकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। इस दौरान चालक कार छोड़कर फरार हो गया। मामले की जानकारी परिवार और पुलिस को दी गई। शाहदत नूर को कार के नीचे से निकालकर जिला अस्पताल लाया गया, जहां डाक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया।
परिवार के लोग शव को पोस्टमार्टम कराए बिना ही घर ले गए। देश में हिंट एंड रन के मामले चर्चा के विषय बने हुए हैं, वहीं रामपुर पुलिस मामले में कार्रवाई के बजाय परिजनों के तहरीर का इंतजार कर रही है। गंज थाना प्रभारी जीत सिंह का कहना है कि इस परिवार के लोगों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। कार जब्त कर ली गई है। कार का रजिस्ट्रेशन रामपुर के बाहर का है। नंबर के आधार पर कार मालिक का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। तहरीर आने पर मामले में कार्रवाई होगी।